Chhattisgarh

कनकी नहर पुल पर पुलिस की घेराबंदी, लाखों का संदिग्ध स्क्रैप पकड़ा

कोरबा। जिले में अवैध स्क्रैप परिवहन पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए कनकी नहर पुल के पास बड़ी कार्रवाई की है। उरगा पुलिस ने एक माजदा वाहन से करीब 10 टन संदिग्ध कबाड़ जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में स्क्रैप को जांजगीर ले जाने की तैयारी होने की बात सामने आई है।

पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि उरगा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से कबाड़ का संग्रहण और परिवहन किया जा रहा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कनकी नहर पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। जांच के दौरान वाहन में भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप मिला, जिसकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।

वाहन चालक से पूछताछ में पता चला कि जब्त कबाड़ राजेश कर्ष नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। चालक ने पुलिस को जानकारी दी कि स्क्रैप को जांजगीर ले जाया जा रहा था। मामले में पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 102 के तहत कार्रवाई करते हुए स्क्रैप और अन्य संदिग्ध वाहनों को जब्त कर लिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल ने बताया कि जब्त माल के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि स्क्रैप कहां से लाया गया और इसका स्रोत क्या है।

कोरबा जिले में अवैध कबाड़ कारोबार लगातार प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि औद्योगिक क्षेत्रों, बंद खदानों और सरकारी परिसरों से चोरी किए गए लोहे को अवैध रूप से खपाने का नेटवर्क सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button