‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद विद्यालय बांकीमोंगरा में हुआ वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

कोरबा, 29 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय, बांकीमोंगरा में मंगलवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य एस. डिंडोरे के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद लोकनाथ सिंह तंवर, विधायक प्रतिनिधि जनक राम यादव तथा विशिष्ट अतिथि इंजीनियर विनोद कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर विद्यार्थियों और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृ सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल, सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्राचार्य एस. डिंडोरे ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष पृथ्वी की अमूल्य धरोहर हैं और उनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में भी अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जन-आंदोलन बनाने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा स्वच्छ, हरित और प्रदूषणमुक्त वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की सामूहिक शपथ ली। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने का संकल्प व्यक्त किया।




