National

इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी मोहित दलाल का 27 साल की उम्र में निधन, हार्ट अटैक से गई जान

जींद (हरियाणा)। Mohit Dalal Death: हरियाणा के युवा इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी मोहित दलाल का महज 27 साल की उम्र में अचानक निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह घर पर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक बताई है। मोहित के निधन की खबर से परिवार, गांव और कबड्डी जगत में शोक की लहर है।

मोहित दलाल हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव के रहने वाले थे। कम उम्र में ही उन्होंने कबड्डी के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना ली थी। भारत के अलावा उन्होंने विदेशों में भी कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और खिताब अपने नाम किए। मोहित ने कनाडा, दुबई और इंग्लैंड में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई ट्रॉफियां जीती थीं।

मोहित दलाल को उनकी बेहतरीन रेडिंग के लिए जाना जाता था। वह कई प्रतियोगिताओं में बेस्ट रेडर का खिताब हासिल कर चुके थे। हरियाणा और पंजाब में आयोजित कई बड़े कबड्डी टूर्नामेंट में भी उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

कुछ दिन पहले हुई थी सर्जरी
बताया जा रहा है कि मोहित को कुछ दिन पहले चोट लगी थी, जिसके बाद उनकी सर्जरी हुई थी। वह फिलहाल रिकवरी फेज में थे और दोबारा कबड्डी के मैदान पर वापसी की तैयारी कर रहे थे। परिवार और उनके साथी खिलाड़ियों को उम्मीद थी कि वह जल्द ही स्वस्थ होकर फिर से मैदान में नजर आएंगे, लेकिन अचानक हुए निधन ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

Related Articles

Back to top button