Chhattisgarh

आर्थिक मदद का झांसा देकर फाइनेंस करवाते थे वाहन, फिर औने-पौने दाम में बेचकर बांट लेते थे रकम, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की 9 नग संपत्ति भी बरामद की है, जिसमें 8 वाहन और एक वॉशिंग मशीन शामिल है।

मामले को लेकर एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि भिलाई नगर निवासी मनीष डहेरवाल की शिकायत पर 21 सितंबर 2026 को अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। आरोपी जसमीत सिंह और भोजराज राय जरूरतमंद लोगों को आर्थिक मदद का झांसा देकर उनके नाम पर वाहन व अन्य सामग्री फाइनेंस करवाते थे।

आरोपी डाउन पेमेंट खुद भरने और आगे की ईएमआई चुकाने का भरोसा देकर पीड़ितों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद फाइनेंस करवाए गए सामान को औने-पौने दाम में बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ और शेष सामान की बरामदगी के लिए जांच अभी जारी है।

Related Articles

Back to top button