आज होगा कोरबा प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण, उप मुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे शपथ समारोह में शिरकत

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी (कार्यकाल 2026-28) का पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार 23 जुलाई को दोपहर 12 बजे पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर (कोरबा) में आयोजित होगा। समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों में उत्साह का माहौल है।
समारोह में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन सहित भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह तथा नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारी औपचारिक रूप से अपने दायित्व ग्रहण करेंगे। इनमें संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन और आकाश शर्मा शामिल हैं।
समारोह में रायपुर प्रेस क्लब, बिलासपुर प्रेस क्लब सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। कोरबा प्रेस क्लब ने जिले के पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा नागरिकों से समारोह में उपस्थित होकर नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
जो लोग किसी कारणवश समारोह स्थल तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कोरबा प्रेस क्लब के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा, जिससे वे ऑनलाइन भी शपथ ग्रहण समारोह का लाइव प्रसारण देख सकेंगे।




