Chhattisgarh

मां की हत्या के मामले में बेटा और पति गिरफ्तार, 24 घंटे में सुलझी गुत्थी

सारंगढ़-बिलाईगढ़। कोसीर थाना क्षेत्र के डडाईडीह गांव में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बेटे और पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, पीढ़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को सम्पत बरेठ ने कोसीर थाने में सूचना दी कि उसकी पत्नी बृतबाई बरेठ घर में मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनीता नाग बंजारे ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कराया तथा शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत होने की पुष्टि हुई।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान 4 सितंबर को बृतबाई के साथ उसके पति और बेटे के विवाद एवं मारपीट की आवाज सुनाई देने की जानकारी सामने आई। संदेह के आधार पर पुलिस ने बेटे सोहन बरेठ (24) और पति सम्पत बरेठ (57) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में सोहन ने पुलिस को बताया कि 4 सितंबर की शाम घर खर्च को लेकर पिता से विवाद हुआ था। इसी दौरान उसकी मां द्वारा पिता का पक्ष लेने पर वह गुस्सा हो गया और मां से मारपीट करने लगा। उसने मां को पीछे आंगन में ले जाकर लकड़ी के डंडे, पीढ़ा और अन्य ठोस वस्तुओं से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव पर पानी डालकर खून साफ करने का प्रयास किया और रात में शव को घर के अंदर खटिया पर लिटा दिया।

अगली सुबह सोहन ने अपने पिता को घटना की जानकारी दी। दोनों अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी गांव के कोटवार के पुत्र ने उन्हें रोककर पुलिस को सूचना देने की बात कही। इसके बाद सम्पत थाने पहुंचा और पत्नी की मृत्यु की जानकारी दी।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 103(1), 238(क), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त सामान बरामद किया गया। सोहन बरेठ और सम्पत बरेठ को 6 सितंबर को गिरफ्तार कर 7 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान, एफएसएल अधिकारी संजय प्रसाद, थाना प्रभारी सुनीता बंजारे सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button