Entertainment

TVF की पहली मराठी फिल्म ‘बायंगी’ का ऐलान, रितेश देशमुख ने टीम को दी बधाई

मुंबई। टीवीएफ (TVF) ने मराठी सिनेमा में कदम रखते हुए अपनी पहली मराठी फिल्म ‘बायंगी – पाळायची नाही, टाळायची’ का ऐलान कर दिया है। कोंकण की चर्चित और डरावनी लोककथाओं से प्रेरित यह फिल्म एक सुपरनैचुरल कॉमेडी थ्रिलर के रूप में पेश की जाएगी। फिल्म की घोषणा के साथ ही दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

फिल्म के ऐलान पर अभिनेता रितेश देशमुख ने भी टीम को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म का अनाउंसमेंट पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “पूरी टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं!!! यह शानदार लग रही है!!!” उन्होंने टीवीएफ, अमेय और अभय राउत को भी फिल्म के लिए शुभकामनाएं दीं।

‘बायंगी – पाळायची नाही, टाळायची’ में सुपरनैचुरल लोककथा, कॉमेडी और थ्रिल का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। फिल्म की कहानी को कोंकण की लोककथाओं की पृष्ठभूमि में तैयार किया गया है। ऐसे में यह फिल्म मराठी दर्शकों के लिए एक अलग तरह का सिनेमाई अनुभव लेकर आने की उम्मीद है।

टीवीएफ ने वेब सीरीज और ओटीटी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। दर्शकों से जुड़ी कहानियों और मनोरंजक कंटेंट के लिए पहचाने जाने वाले टीवीएफ के लिए मराठी सिनेमा में यह नया कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ष 2026 में भी टीवीएफ के कई चर्चित शो दर्शकों के बीच पहुंचे हैं, जिनमें ‘गुल्लक’ सीजन 5, ‘सपने वर्सेज एवरीवन’ सीजन 2, ‘एस्पिरेंट्स’ सीजन 3, ‘हेलो बच्चों’ और ‘स्पेस जेन: चंद्रयान’ शामिल हैं।

मराठी फिल्म ‘बायंगी’ के ऐलान के साथ टीवीएफ ने क्षेत्रीय सिनेमा में अपनी नई पारी की शुरुआत की है। फिल्म की कहानी, कलाकारों और रिलीज से जुड़ी अन्य जानकारियों को लेकर दर्शकों की नजर अब आने वाली घोषणाओं पर है।

Related Articles

Back to top button