प्राइम वीडियो ने आने वाले हल्के-फुल्के ड्रामा ‘माँ का सम’ का दिल छू लेने वाला ट्रेलर जारी किया, जिसका वैश्विक प्रीमियर 3 अप्रैल को किया जाएगा

मुंबई। भारत का सबसे पसंदीदा मनोरंजन डेस्टीनेशन, प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी प्राइम ओरिजिनल सीरीज़ ‘माँ का सम’ का दिल छू लेने वाला और मनोरंजक ट्रेलर जारी किया। निकोलस खारकोंगोर द्वारा निर्देशित और यूनोइया फिल्म्स के बैनर तले बबीता अशीवाल द्वारा निर्मित यह सीरीज़ एक अनोखी, और दिल को खुश कर देने वाली दुनिया की झलक पेश करती है, जहां एक गणित का जीनियस प्यार को समीकरणों के जरिए समझने की कोशिश करता है—लेकिन जल्द ही उसे एहसास होता है कि भावनाएं हमेशा तर्क के अनुसार नहीं चलतीं। रविंदर रंधावा और सुमृत शाही द्वारा लिखित ‘माँ का सम’ में प्रतिभाशाली और बहुमुखी अभिनेत्री मोना सिंह के साथ मिहिर आहूजा, अंगीरा धर और रणवीर बरार मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज़ 3 अप्रैल को प्राइम वीडियो पर हिंदी में रिलीज़ होगी, जिसमें तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सबटाइटल्स उपलब्ध होंगे। इसे भारत सहित दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से स्ट्रीम किया जाएगा।
‘माँ का सम’ का ट्रेलर अगस्त्य (मिहिर आहूजा) से परिचय कराता है, जो 19 साल का गणित का जीनियस है। वह आत्मविश्वास से कहता है, “मैथ्स हो या प्यार… एक ही इक्वेशन हैं,” और इसी सोच के साथ वह “प्रोजेक्ट मॉम” की शुरुआत करता है—एक मिशन, जिसका मकसद अपनी सिंगल मां विनिता (मोना सिंह) के लिए परफेक्ट जीवनसाथी ढूंढना है। इसके बाद कहानी एक मजेदार और तेज़ रफ्तार सफर में बदल जाती है, जहां तर्क और भावनाएं आमने-सामने आती हैं, और सलीके से बनाए गए समीकरण धीरे-धीरे उलझने लगते हैं। इसी बीच रहस्यमयी नई मैथ्स प्रोफेसर इरा (अंगीरा धर) की एंट्री अगस्त्य के मिशन को और दिलचस्प बना देती है। दोनों मिलकर परफेक्ट मैच के लिए एक एल्गोरिदम बनाने की कोशिश करते हैं। लेकिन जैसे-जैसे भावनाएं उसकी पूरी तरह से प्लान की गई दुनिया में दखल देने लगती हैं, अगस्त्य के फॉर्मूले में ऐसे वेरिएबल्स शामिल हो जाते हैं जिन्हें कोई भी इक्वेशन हल नहीं कर सकती। क्या उसका बनाया हुआ यह समीकरण उसे प्यार का सही जवाब देगा—या फिर सब कुछ बिखर जाएगा? 3 अप्रैल को प्राइम वीडियो पर जानिए, क्या ‘माँ का सम’ सच में सही बैठता है।
सीरीज़ के निर्देशक निकोलस खारकोंगोर ने कहा, *“माँ का सम किसी एक तय ढांचे में फिट नहीं बैठती। यह न तो एक सामान्य रिश्तों पर आधारित ड्रामा है और न ही पूरी तरह से कमिंग-ऑफ-एज कहानी। यह रिश्तों की कहानी है—जिसे एक 19 साल के लड़के की नज़र से दिखाया गया है, जो मानता है कि जिंदगी की हर समस्या को तर्क और डेटा से हल किया जा सकता है। गणित को एक थोड़े अलग और अनोखे तरीके से इस्तेमाल करने से हमें इन भावनाओं को एक नए अंदाज़ में दिखाने का मौका मिला। यह सब संभव नहीं हो पाता अगर मिहिर अपने किरदार में इतनी गहराई और तीव्रता न लाते, या मोना अपनी सहज अदा और आकर्षण से इसे जीवंत न बनातीं। एक ऐसी टीम के साथ काम करना, जो इस कहानी पर पूरी तरह विश्वास करती थी, इस सफर को बहुत खास बना गया। मैं बेहद उत्साहित हूं कि दर्शक 3 अप्रैल को प्राइम वीडियो पर इस दिल को छू लेने वाली और प्यार व परिवार पर आधारित इस नई सोच वाली कहानी का अनुभव करेंगे।”
सीरीज़ में अगस्त्य की मां विनिता का किरदार निभा रहीं मोना सिंह ने कहा,*“विनिता मेरे द्वारा निभाए गए अब तक के सभी किरदारों से बिल्कुल अलग है, और इसकी सबसे बड़ी वजह इस कहानी का नया और अनोखा अंदाज़ है। इसकी मूल भावना एक सिंगल माँ और बेटे के रिश्ते पर आधारित है, जो एक सहज दोस्ती, गहरे विश्वास और प्यार को देखने के एक अनोखे नजरिए से बुना गया है,यही बात मुझे तुरंत इस कहानी की ओर खींच लाई। मुझे यह बहुत पसंद है कि विनिता अपने भीतर की कमजोरियों को छुपाए बिना स्वीकार करती हैं, फिर से प्यार को महसूस करती हैं, और अपने बेटे की अनोखी सोच पर भरोसा करती हैं। यह सीरीज़ हास्य और भावनाओं के बीच एक खूबसूरत संतुलन बनाती है, और एक ऐसी कहानी पेश करती है जो अपने अलग अंदाज़ में गर्मजोशी भरी, सच्ची और दिल से जुड़ने वाली है। मुझे लगता है कि बहुत से लोग इसमें अपने रिश्तों की झलक देख पाएंगे, और मैं बेसब्री से इंतजार कर रही हूं कि सभी लोग माँ का सम को 3 अप्रैल से सिर्फ प्राइम वीडियो पर देखें।”
मुख्य किरदार अगस्त्य को निभाने वाले मिहिर आहूजा ने कहा, *“अगास्त्य में मुझे सबसे प्यारी बात यह लगी कि उसके सम्पूर्ण आत्मविश्वास और प्रतिभा के पीछे, वह बस एक बेटा है जो अपनी मां से गहराई से प्यार करता है और उसे खुश देखना चाहता है। उसके और उसकी मां के बीच एक अनोखी दोस्ती है — उनके रिश्ते में ईमानदारी, सहजता और गर्मजोशी है, जो बहुत खास महसूस होती है। अपने अनोखे अंदाज़ में, वह उसकी देखभाल करने की ज़िम्मेदारी अपने कंधों पर ले लेता है और उसे प्यार दिलाने में मदद करने का पक्का इरादा कर लेता है; उसे पूरा यकीन है कि गणित दिल के मामलों को भी सुलझा सकता है। प्राइम वीडियो की ओरिजिनल सीरीज़ का हिस्सा होना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा, और मैं बस यही आशा करता हूं कि दर्शक अगस्त्य और उसके सफर का उतना ही आनंद लें, जितना मुझे उसे निभाते समय मिला।”




