नवा रायपुर में भारतीय वायु सेना का भव्य एयर-शो, सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

- राज्यपाल रमेन डेका ने देखा वायु सेना का शौर्य प्रदर्शन, आकाशगंगा के स्काईडाइवर्स और गरुड़ कमांडोज ने भी दिखाया अदम्य साहस; तिरंगे की फॉर्मेशन से देशभक्ति के रंग में रंगा आसमान
रायपुर, 02 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में भारतीय वायु सेना का भव्य एयर-शो आयोजित किया गया। इस दौरान भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम, आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज ने अपने अद्भुत साहस, शौर्य और कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका शामिल हुए। पांच हेलीकॉप्टरों की शानदार फॉर्मेशन, हैरतअंगेज हवाई करतब और आसमान में तिरंगे की मनमोहक छटा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
एयर-शो की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के रोमांचक प्रदर्शन से हुई। टीम के जवानों ने ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने अपने विशेष प्रशिक्षण और सैन्य दक्षता का प्रदर्शन किया। जवानों ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग करते हुए रस्सियों के सहारे नीचे उतरने, रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन के करतब दिखाए। उनके साहसिक प्रदर्शन को देखकर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में एक के बाद एक रोमांचकारी करतब प्रस्तुत किए। हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन, एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरने वाले क्रॉसओवर और फिर सटीक तालमेल के साथ निर्धारित स्थिति में लौटने के दृश्य ने दर्शकों की सांसें थाम दीं।
इस दौरान सारंग टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। इस उद्घोष से दर्शकों का उत्साह दोगुना हो गया। वहीं, एयर-शो के अंतिम चरण में ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच हेलीकॉप्टरों ने तिरंगे की शानदार फॉर्मेशन बनाई। आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग की छटा ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
राज्यपाल रमेन डेका ने वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सारंग टीम का यह प्रदर्शन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। जवानों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया, वह विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना को दर्शाते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, आपसी विश्वास और टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। इसके पीछे लगातार अभ्यास, गहरी एकाग्रता और बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह प्रदर्शन युवाओं को सामूहिक प्रयास और समर्पण के माध्यम से लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देता है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना की सारंग टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम है। यह टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अपने 1500 से अधिक हवाई प्रदर्शनों के जरिए भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस भव्य एयर-शो में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित सांसद, विधायक, निगम-मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।




