National

Saharanpur: भर्ती परीक्षा देने आई पत्नी के सामने पति की हत्या, लव मैरिज से नाराज साले ने सिर में मारी गोली

Murder in Saharanpur: सहारनपुर में गोचर इंटर कॉलेज स्थित केंद्र में आकांक्षा पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई थी। वह अपने पति शिवकुमार के साथ शामली लौट रही थी। तभी उसके भाई मंजीत ने आकर सिर में गोली मार दी। आकांक्षा ने चार माह पहले लव मैरिज की थी, जिससे परिजन नाराज थे।थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई पत्नी के सामने पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पत्नी ने हत्या का आरोप अपने सगे भाई मंजीत पर लगाया। परिवार प्रेम विवाह से नाराज था और इसी वजह से वारदात को अंजाम दिया गया।

शामली जिले के गांव खेड़ी बैरागी निवासी शिवकुमार (27) अपनी पत्नी आकांक्षा को लेकर पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए रामपुर मनिहारान स्थित गोचर महाविद्यालय आया था। परीक्षा खत्म होने के बाद शिवकुमार, उसकी पत्नी आकांक्षा और उसके मामा का बेटा शुभम कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर शहरी पुल के पास भीड़ में काम रुक गई।

आरोप है कि आकांक्षा का भाई मंजीत वहां पहुंचा और शीशे से सटाकर गोली शिव कुमार के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक लहूलुहान हो गया। घायल अवस्था में उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया।

आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि उसने करीब चार महीने पहले शिव कुमार के साथ प्रेम विवाह किया था। उसके बाद से परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। आकांक्षा का आरोप है कि इसी नाराजगी के चलते उसके भाई ने उसके पति की हत्या की है।

पुलिस का कहना है कि हत्यारोपी की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर और कार में छानबीन की है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button