National

NEET पेपर लीक: सलमान खान ने छात्रों से आंदोलन समाप्त कर घर लौटने की अपील, बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक मामले को लेकर राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक प्रदर्शन में शामिल होकर पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

इसी बीच बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने छात्रों से आंदोलन समाप्त कर घर लौटने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों की पढ़ाई और सुरक्षा देश की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सरकार इस मामले में उचित कदम उठाएगी।

सलमान खान ने छात्रों और उनके अभिभावकों से चिंता न करने की अपील करते हुए प्रदर्शनकारी छात्रा सोनम से भी आंदोलन आगे नहीं बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वह छात्रों के लिए अपने घर से भोजन भी भेज सकते हैं।

यह NEET पेपर लीक मामले को लेकर 24 घंटे के भीतर सलमान खान की दूसरी सोशल मीडिया पोस्ट है। इससे पहले उन्होंने छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन का समर्थन किया था, लेकिन आंदोलन के दौरान हुई हिंसा पर दुख जताते हुए घायल छात्रों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी।

सलमान खान ने अपने पूर्व संदेश में कहा था कि NEET पेपर लीक का मुद्दा छात्रों और देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा है, इसलिए इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन का श्रेय केवल देश के छात्रों को मिलना चाहिए।

अपने ताजा संदेश में अभिनेता ने एक बार फिर उम्मीद जताई कि सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी और शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। साथ ही उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button