Chhattisgarh

KORBA: शिक्षक दिवस पर कलेक्टर कुणाल दुदावत बने शिक्षक, विद्यार्थियों को पढ़ाया मेहनत और अनुशासन का पाठ

कोरबा, 5 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रधानमंत्री एकलव्य आवासीय विद्यालय, छुरी पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ शिक्षक की भूमिका निभाई। उन्होंने कक्षा में विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनसे वन-टू-वन संवाद किया और मेहनत, अनुशासन, दृढ़ निश्चय व लक्ष्य के प्रति एकाग्रता को सफलता की नींव बताया।

कलेक्टर ने कक्षा आठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों से पढ़ाई, भोजन, आवास, पानी और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। कक्षा 12वीं विज्ञान के विद्यार्थियों से संवाद के दौरान उन्होंने फिजिक्स के सवाल हल करने के लिए दिए। निर्धारित समय में सवाल हल नहीं होने पर उन्होंने शिक्षण व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में आठ शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्रीकांत कसेर को पीजीटी/टीजीटी शिक्षकों दीपेंद्र, तरुण कुमार, तरुण कुमार पैकरा, संदीप राज, संदीप यादव, पवन कुमार, ऊषा और अशोक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विद्यार्थियों ने विद्यालय में पानी सहित अन्य समस्याओं से भी कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर ने बताया कि क्षेत्र में जलस्तर कम होने के कारण बोर असफल हुए हैं। स्थायी समाधान के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जा रही है। उन्होंने विद्यालय की अन्य समस्याओं का भी प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नीट और जेईई की तैयारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आवासीय कोचिंग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के लिए देश के सरकारी कॉलेज या महत्वपूर्ण संस्थान में चयन होने पर आवश्यक शुल्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी जिला प्रशासन द्वारा की जाती है। अच्छे अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को देश के महत्वपूर्ण संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाने की बात भी उन्होंने कही।कलेक्टर ने विद्यार्थियों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने और पढ़ाई को प्राथमिकता देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी विषय में कठिनाई होने पर मोबाइल पर निर्भर रहने के बजाय शिक्षकों से अपनी शंकाओं का समाधान कराना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन तत्पर है। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को अपना मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते हुए कहा कि वे इसे अपने माता-पिता को भी दें और किसी गंभीर समस्या की स्थिति में प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाएं। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लक्ष्य जितना बड़ा होगा, मेहनत भी उतनी ही बड़ी होनी चाहिए। आज की मेहनत ही भविष्य तय करेगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्रीकांत कसेर सहित विद्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button