Korba Traffic News: नो एंट्री तोड़ने वाले ट्रकों पर सख्ती, लगता गया 2500 रुपये का जुर्माना

कोरबा, 03 मई। कोरबा में रविवार को यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रेलवे ओवर ब्रिज के पास नो एंट्री में घुसने वाले ट्रकों पर चालान किया। ट्रकों की लापरवाही के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कई ट्रक चालक नो एंट्री नियम को नजरअंदाज कर प्रतिबंधित मार्ग में प्रवेश कर रहे थे। इससे रेलवे ओवर ब्रिज के आसपास ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थिति बिगड़ने पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई शुरू की।
इस दौरान पुलिस ने नियम तोड़ने वाले ट्रक चालकों पर 2500 रुपये का जुर्माना लगाया। कार्रवाई एएसआई मनोज राठौर के नेतृत्व में की गई, जहां पुलिस टीम ने सख्ती दिखाते हुए यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया और जाम खुलवाया।
यातायात पुलिस ने साफ कहा है कि नो एंट्री का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि शहर में जाम और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।



