हॉस्पिटल में नाबालिग से छेड़छाड़! CCTV में कैद हुई अश्लील हरकत, अस्पताल परिसर से शराब की पेटियां जब्त

सागर/भोपाल 22 नवंबर 2026 । एमपी के सागर के बरगद हॉस्पिटल में भर्ती एक नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप अस्पताल में काम करने वाले वार्ड बॉय पर है। घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद होने की बात सामने आई है, जिसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग बच्ची का एक्सीडेंट हुआ था, जिसके बाद उसे इलाज के लिए बरगद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान अस्पताल के वार्ड बॉय ने बच्ची के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की और अश्लील हरकत की। बच्ची ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी वार्ड बॉय के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO) की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। वहीं घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी की कथित हरकत दिखाई देने की बात कही जा रही है। अस्पताल जैसी जगह पर जहां मरीज और बच्चे इलाज के लिए जाते है, इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इधर, TI सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बरगद अस्पताल में मरीजे के साथ वार्ड बॉय के द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है।
TI ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट पर BNS और POCSO एक्ट की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं विवाद के बीच एक बोलेरो कार अस्पताल परिसर में पहुंची थी। सूचना पर बोलेरो कार और उसके अंदर मौजूद 2 पेटी शराब, जिसमें 80 क्वार्टर रखे थे, जब्त किया गया है। तीन लोगों की तलाश जारी है।




