KORBA NEWS:स्नेह सदन के बिजली कनेक्शन से प्रशांति वृद्धाश्रम में संकट, आमरण अनशन की चेतावनी

कोरबा,16 अक्टूबर 2026। प्रशांति वृद्धाश्रम भवन की विद्युत आपूर्ति केबल से स्नेह सदन वृद्धाश्रम को दिए गए बिजली कनेक्शन को अलग करने की मांग एक बार फिर उठाई गई है। नवदृष्टि समाजसेवी संस्था के अध्यक्ष ने समाज कल्याण विभाग, कोरबा के उप संचालक हरीश सक्सेना को पत्र लिखकर 15 दिनों के भीतर कनेक्शन पृथक करने की मांग की है। संस्था ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर कानूनी कदम उठाने के साथ धरना-प्रदर्शन, घेराव और आमरण अनशन किया जाएगा।
संस्था के अनुसार, स्नेह सदन वृद्धाश्रम को प्रशांति वृद्धाश्रम भवन की बिजली आपूर्ति केबल से कनेक्शन दिया गया है। इससे विद्युत लोड बढ़ने के कारण प्रशांति वृद्धाश्रम में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने और लो-वोल्टेज की समस्या सामने आ रही है। संस्था ने शॉर्ट सर्किट का खतरा भी जताया है। पत्र में कहा गया है कि बिजली की अनियमित आपूर्ति और कम वोल्टेज के कारण पानी का मोटर ठीक से काम नहीं करता है, जिससे पानी की आपूर्ति प्रभावित होती है। इसके अलावा पंखे, लाइट, कूलर, टीवी, वॉशिंग मशीन और गीजर जैसे विद्युत उपकरणों के ठीक से काम नहीं करने तथा बार- बार खराब होने की समस्या भी बताई गई है। इससे वृद्धाश्रम में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्नेह सदन के लिए अलग विद्युत कनेक्शन लेने की बात 15 दिनों के भीतर पूरी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन करीब दो वर्ष बीत जाने के बाद भी कनेक्शन अलग नहीं किया गया है। अधिक लोड के कारण मुख्य केबल में भी बार-बार फॉल्ट आ रहा है। पत्र में एसईसीएल के बिजली विभाग के हवाले से भी केबल पर बढ़े हुए लोड को फॉल्ट की वजह बताया गया है। प्रत्येक बार फॉल्ट सुधारने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है, जिससे समस्या लगातार बनी हुई है। पत्र में उल्लेख किया है कि इस संबंध में 16 फरवरी 2026, 9 मार्च 2026, 12 मार्च 2026, 28 जुलाई 2026 और 5 अक्टूबर 2026 को समाज कल्याण विभाग के उप संचालक को पत्र सौंपे जा चुके हैं। मौखिक रूप से भी कई बार अनुरोध किया गया है। संस्था ने आरोप लगाया है कि बार-बार निवेदन के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। पत्र में यह भी कहा गया है कि समाज कल्याण विभाग के उप संचालक हरीश सक्सेना द्वारा जान- बूझकर और प्रशांति वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को परेशान करने के उद्देश्य से अनुरोध की अनदेखी करते हुए गंभीरता नहीं दिखाई जा रहा है। समाज कल्याण विभाग द्वारा बिजली बिल के लिए बजट प्रावधान किए जाने के बावजूद अलग कनेक्शन नहीं किया जा रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित होने, उपकरण खराब होने या बढ़े हुए लोड के कारण शॉर्ट सर्किट जैसी स्थिति उत्पन्न होने से किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान होता है, तो इसकी जिम्मेदारी उप संचालक हरीश सक्सेना की होगी। संस्था ने उप संचालक, समाज कल्याण विभाग से मांग की है कि प्रशांति वृद्धाश्रम की विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्नेह सदन का कनेक्शन तत्काल अलग करने की कार्रवाई की जाए।





