Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात: रेफ्राकास्ट के डॉ. अभिषेक पांडे रूस–भारत समिट फोरम के लिए आमंत्रित

0.राज्य से एकमात्र प्रतिनिधि होंगे शामिल, पुतिन और मोदी करेंगे मुख्य संबोधन

रायपुर, 25 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ की औद्योगिक जगत के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है कि रेफ्राकास्ट मेटलर्जिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के डॉ. अभिषेक पांडे को आगामी रूस–भारत समिट 2025 के दौरान आयोजित होने वाले रूस–इंडिया फोरम में आधिकारिक तौर पर आमंत्रित किया गया है। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि पूरे छत्तीसगढ़ से एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में यह सम्मान डॉ. पांडे को प्राप्त हुआ है।
यह उच्च स्तरीय फोरम 4–5 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।

फोरम का आयोजन रूस की प्रमुख संस्था रोस्कॉन्ग्रेस फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े आर्थिक सम्मेलनों के लिए जानी जाती है। कार्यक्रम में दोनों देशों के शीर्ष सरकारी अधिकारी, उद्योग जगत के दिग्गज, नीति-निर्माता, निवेशक और विभिन्न बहुराष्ट्रीय व्यापारिक संगठन शामिल होंगे।

फोरम का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार सहयोग को नई दिशा देना, भारत–रूस व्यापार संतुलन को मजबूत करना, सप्लाई-चेन और लॉजिस्टिक्स को बेहतर बनाना तथा वित्तीय तंत्र को आधुनिक स्वरूप देना है। साथ ही तकनीकी सहयोग, निवेश और औद्योगिक साझेदारी से जुड़े अहम मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा प्रस्तावित है।

रेफ्राकास्ट मेटलर्जिकल्स के लिए डॉ. पांडे का यह आमंत्रण कंपनी की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति और विश्वसनीयता का प्रमाण माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले डॉ. पांडे अक्टूबर 2025 में रूस के कालनिनग्राद में आयोजित त्रि-राष्ट्र व्यापार संवाद श्रृंखला में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे थे, जहाँ विभिन्न देशों के उद्योग विशेषज्ञों के साथ औद्योगिक सहयोग और नई तकनीकी साझेदारियों पर महत्वपूर्ण चर्चाएँ हुई थीं।
वे इससे पहले मॉस्को में हुए ब्रिक्स आर्थिक फोरम में भी कंपनी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

कंपनी ने कहा कि डॉ. पांडे की फोरम में उपस्थिति से भारत और रूस के बीच प्रौद्योगिकी, औद्योगिक निवेश, निर्यात–आयात और साझेदारी के नए अवसर खुलेंगे। फोरम का सबसे अहम आकर्षण ‘प्लेनरी सेशन’ होगा, जिसका संबोधन स्वयं राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी करेंगे। इस सत्र में व्यापार, ऊर्जा, कच्चे माल, उद्योग और रणनीतिक सहयोग से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर उच्च-स्तरीय बातचीत होगी।

रेफ्राकास्ट मेटलर्जिकल्स प्रा. लि., जो तीन दशक से अधिक समय से उन्नत धातुकर्म तकनीक, स्पेंट-कैटेलिस्ट रीसाइक्लिंग, शून्य-कचरा समाधान और सतत औद्योगिक तकनीकों पर काम कर रही है, ने कहा कि यह अवसर कंपनी के वैश्विक विस्तार और विश्वसनीयता को और मजबूत करेगा।

डॉ. अभिषेक पांडे का यह चयन न सिर्फ उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि छत्तीसगढ़ और भारत की औद्योगिक नवाचार क्षमता का भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व करेगा। अपेक्षा है कि उनकी भागीदारी से दोनों देशों के उद्योग जगत के बीच सहयोग और मजबूत होगा।

Related Articles

Back to top button