स्कूल में प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन
धमतरी, 9 सितंबर । गौरी शंकर श्रीवास्तव चेरिटेबल ट्रस्ट ने नौ सितंबर को नगर पालिक निगम स्कूल धमतरी में प्रतिभाखोज परीक्षा का आयोजन किया। परीक्षा सुबह साढ़े नौ से साढ़े 10 बजे बजे तक हुई। इस परीक्षा में कक्षा 10 वीं के शहरी व आसपास क्षेत्र के 19 स्कूलों के 340 छात्र छात्राएं शामिल हुए।
परीक्षा में सामान्य ज्ञान सहित 10 वी सिलेबस से संबंधित प्रश्न पूछे गए। ओएमआर शीट के आधार पर आंसर लिखवाया गया। इससे बच्चे आगे की प्रतियोगी परीक्षा के लिए भी तैयार होते हैं।परीक्षा के दौरान संस्था के मुख्य ट्रस्टी डा हीरा महावर, वरिष्ठ ट्रस्टी डा आईसी जैन, परीक्षा प्रभारी ट्रस्टी अशोक पवार, रमेश पंजवानी, विनोद पांडे, अजय छाजेड़, राकेश झवर, अनुराग महावर उपस्थित थे। परीक्षा में स्थान बनाने वाले प्रथम पांच बच्चों को पुरस्कार के रूप में चांदी के मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार व सम्मान हरदिहा साहू समाज भवन में 20 सितंबर को शाम चार बजे प्रदान किया जाएगा।
मुख्य ट्रस्टी डा हीरा महावर ने कहा कि यह परीक्षा बच्चों की प्रतिभा को निखारने और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार आयोजित की गई। सर गौरीशंकर श्रीवास्तव चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा पिछले आठ सालों से यह आयोजन किया जा रहा है। दो साल कोरोना काल में ही आयोजन नहीं हो पाया। संस्था द्वारा हर साल स्कूली बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर कैरियर गाइडेंस का भी आयोजन किया जाता है। संस्था द्वारा हर साल आर्थिक रूप से कमजोर 50 गरीब बच्चों का स्कूल फीस संस्था द्वारा दिया जाता है। ये बच्चे सरकारी स्कूलों से ही होते हैं। एक सरकारी स्कूल से अधिकतम 10 बच्चों को शामिल किया जाता है। यह राशि 20 सितंबर को सम्मान समारोह के मंच से प्रदान की जाएगी।




