साय ने नड्डा से की मुलाकात, छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर हुई चर्चा

दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने पर जोर
नई दिल्ली, 21 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने तथा केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित योजनाओं की प्रगति को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री नड्डा के स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम की जानकारी ली और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसके निकट गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं तक स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा सहित दूरस्थ, वनांचल एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों के कारण इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता चुनौतीपूर्ण रही है। राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार, चिकित्सकों एवं चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता तथा आधुनिक उपचार सुविधाओं तक लोगों की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्राथमिकता से कार्य कर रही है।
साय ने केंद्र के सहयोग से प्रदेश में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी केंद्रीय मंत्री को दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, गंभीर बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य बीमा तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। आयुष्मान भारत सहित केंद्र की विभिन्न योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिली है।
केंद्रीय मंत्री नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली और केंद्र सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र के निरंतर सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को और गति मिलेगी तथा विशेषकर दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य तेजी से पूरा होगा।




