ICC ने ठोका पाकिस्तान पर जुर्माना, टेस्ट रैंकिंग में भी सबसे नीचे गिरी टीम

नई दिल्ली ,14 सितंबर: पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज भी 0-3 से हार गई और अब आईसीसी ने इस टीम पर जुर्माना भी ठोक दिया है. जुर्माना भी ऐसा लगाया है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में पाकिस्तान की दुर्गति हो गई है. यही नहीं आईसीसी रैंकिंग में भी ये टीम अपने इतिहास के सबसे निचले पायदान पर लुढ़क गई है. आइए आपको बताते हैं कि पाकिस्तान को इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में करारी शिकस्त के बाद क्या-क्या झेलना पड़ रहा है?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मिली सजा
पाकिस्तान को बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच के दौरान स्लो ओवर रेट बनाए रखने के लिए दो सजाएं दी गई हैं. पाकिस्तान ने तीसरे टेस्ट में लक्ष्य से 11 ओवर कम फेंके जिसके बाद पूरी टीम की 50 फीसदी मैच फीस काट ली गई और साथ ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में उसके 11 अंक भी काट लिए गए. इसके साथ ही पाकिस्तान वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे निचले स्थान पर खिसक गया है. ये टीम अब 4.63 अंक प्रतिशत के साथ 9वें स्थान पर है. पाकिस्तान को अब आखिरी स्थान से बचने के लिए नवंबर में होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज में जीत हासिल करनी होगी. ये सीरीज श्रीलंका के खिलाफ होगी.
पाकिस्तान आईसीसी रैंकिंग में भी धड़ाम
सिर्फ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में ही नहीं पाकिस्तान की टीम आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भी गोते लगा रही है. ये टीम आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में 9वें स्थान पर लुढ़क गई है, उसके महज 71 अंक हैं. वो जिम्बाब्वे से ही ऊपर है जिसके टेस्ट रैंकिंग में 17 प्वाइंट्स हैं. पहले नंबर पर 126 अंकों के साथ ऑस्ट्रेलिया है. साउथ अफ्रीका दूसरे, न्यूजीलैंड तीसरे और भारत चौथे स्थान पर है. इंग्लैंड की टीम पांचवें नंबर पर है.
पाकिस्तानी टीम का भविष्य अंधेरे में
पाकिस्तान की टीम का भविष्य इस वक्त अंधेरे में दिखाई दे रहा है. इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान उसके खिलाड़ियों के स्तर पर सवालिया निशान खड़े हो गए. साथ ही पीसीबी ने जिस तरह से 7 खिलाड़ियों और 2 कोच को टीम से बाहर किया उससे टीम में डर का माहौल बना हुआ है. किसी को नहीं पता किसे कब टीम से बाहर कर दिया जाए. अब देखना ये है कि पाकिस्तान की टीम आने वाले मुकाबलों में क्या करती है.




