ENG vs PAK: दो टेस्ट में 0 रन, डेढ़ साल में सबसे ज्यादा ‘डक’, 7000 KM दूर से बुलाकर भी फेल हुआ दांव

नई दिल्ली, 11 सितम्बर : पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए इंग्लैंड का दौरा किसी भी तरह सही साबित नहीं हो रहा है. पाकिस्तानी टीम या क्रिकेट बोर्ड जो भी फैसला ले रहे हैं, वो गलत साबित हो रहे हैं. उनका हर दांव उल्टा पड़ रहा है. टेस्ट सीरीज में पहले ही 2 मैच हार चुकी पाकिस्तानी टीम के लिए तीसरा टेस्ट की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही है. कई बड़े बदलाव के बावजूद बैटिंग एकदम फ्लॉप रही है. खास तौर पर ओपनिंग में जो बदलाव किया, उसका कोई फायदा नहीं मिला है. एजबेस्टन टेस्ट मैच के लिए बुलाए गए ओपनर सैम अयूब दोनों पारियों में 0 पर आउट हुए और टीम के लिए कोई योगदान नहीं दे सके.
लीड्स और लॉर्ड्स टेस्ट मैच में बुरी तरह हारने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आधे स्क्वॉड को ही बदल दिया था. इसमें ओपनर इमाम उल हक भी शामिल थे, जो चोट के कारण दूसरे टेस्ट मैच की दोनों पारियों में बैटिंग के लिए नहीं उतरे थे और फिर उनकी चोट पर ही सवाल उठने लगे थे. ऐसे में उनकी जगह युवा ओपनर सैम अयूब को शामिल किया गया था, जो बर्मिंघम से करीब 7000 किलोमीटर दूर पोर्ट ऑफ स्पेन में कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) खेल रहे थे.
दोनों पारियों में नहीं खुला अयूब का खाता
PCB का ये फैसला अपने आप में चौंकाने वाला था क्योंकि एक तो अयूब पिछले करीब 7-8 महीनों से लगातार सिर्फ वनडे या टी20 फॉर्मेट का क्रिकेट खेल रहे थे. ऊपर से उन्होंने डेढ़ साल से कोई टेस्ट मैच नहीं खेला था. आखिरकार ये दांव उल्टा ही पड़ गया. बर्मिंघम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच की दोनों पारियों में सैम अयूब खाता खोले बिना आउट हो गए. मैच के पहले दिन पहली पारी में वो 10 गेंदें खेलने के बाद 0 पर आउट हुए. वहीं दूसरे दिन ही दूसरी पारी में तो वो पहली ही गेंद पर ‘डक’ पर आउट हो गए. दोनों पारियों में उन्हें तेज गेंदबाज ऑली रॉबिनसन ने आउट किया.
डेढ़ साल में सबसे ज्यादा डक
इस तरह सैम अयूब की टेस्ट क्रिकेट में वापसी फ्लॉप रही. उनका पिछला टेस्ट मैच जनवरी 2025 में साउथ अफ्रीका दौरे पर आया था. मगर केपटाउन में खेले गए उस टेस्ट मैच में भी वो कोई रन नहीं बना सके थे क्योंकि चोट के कारण तब अयूब भी दोनों पारियों में बैटिंग नहीं कर सके थे. वहीं अब एजबेस्टन में भी उनका खाता नहीं खुला. इस तरह लगातार 2 टेस्ट मैच में उनके खाते में कोई रन नहीं आ सका है.
इतना ही नहीं, इंटरनेशनल क्रिकेट में सैम अयूब का 0 पर आउट होने की समस्या जारी है. जनवरी 2025 से अब तक यानि डेढ़ साल से भी ज्यादा वक्त में पाकिस्तानी ओपनर ने तीनों फॉर्मेट में कुल मिलाकर 49 पारियों में बल्लेबाजी की है. इन 49 पारियों में सैम अयूब 10 बार जीरो पर आउट हुए हैं, जो दुनिया के सभी बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा है.




