Chhattisgarh

CISF जवानों पर पिकअप चालक से मारपीट का आरोप: कोरबा में अंडरब्रिज जाम के बीच विवाद, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

कोरबा के कुसमुंडा-दीपका मार्ग स्थित कुचेना रेलवे अंडरब्रिज पर शनिवार शाम जाम के दौरान सीआईएसएफ जवानों पर पिकअप चालक और उसके हेल्पर से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। चालक की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे कुचेना अंडरब्रिज के पास भारी जाम लगा हुआ था। इसी दौरान सीआईएसएफ जवानों को ले जा रही एक बस और कुसमुंडा निवासी अमन मसीह की पिकअप (CG 12 BP 0143) भी जाम में फंसी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जाम से निकलने की कोशिश में बस चालक ने पिकअप की स्टीयरिंग जबरन मोड़ने का प्रयास किया, जिससे दोनों वाहनों के बीच हल्की टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। पिकअप चालक अमन मसीह का आरोप है कि टक्कर के बाद बस से उतरे सीआईएसएफ जवानों ने पहले गाली-गलौज की, फिर उनके और हेल्पर के साथ मारपीट की। चालक ने यह भी आरोप लगाया कि जवानों ने पिकअप की चाबी छीन ली और पैसों की मांग की।

घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वर्दीधारी जवान पिकअप चालक से बहस करते और वीडियो बना रहे लोगों से भी उलझते नजर आ रहे हैं।पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। साथ ही सीआईएसएफ अधिकारियों से भी घटना के संबंध में जानकारी मांगी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button