Sports

Chinmay Sutar World Record: 107 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त, शुरुआती 5 पारियों में 834 रन बनाकर रचा इतिहास

नई दिल्ली। भारतीय घरेलू क्रिकेट में मिजोरम के 29 वर्षीय बल्लेबाज चिन्मय सुतार इन दिनों अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रहे हैं। लगातार बड़ी पारियां खेलकर उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। नागालैंड के खिलाफ नाबाद 400 रन बनाने के बाद अब अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 175 रनों की शानदार पारी खेलकर उन्होंने 103 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

चिन्मय सुतार अब फर्स्ट क्लास क्रिकेट की शुरुआती पांच पारियों में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके नाम पहली पांच पारियों में कुल 834 रन दर्ज हो चुके हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज बिल पोंसफोर्ड के नाम था। उन्होंने 1921 से 1923 के बीच अपनी शुरुआती पांच पारियों में 724 रन बनाए थे।

शुरुआती पांच पारियों में 834 रन

चिन्मय का प्रदर्शन मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में बेहद शानदार रहा है। उन्होंने मणिपुर के खिलाफ अपने फर्स्ट क्लास करियर का आगाज करते हुए पहली पारी में 35 और दूसरी पारी में 99 रन बनाए थे। इसके बाद नागालैंड के खिलाफ नाबाद 400 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। मेघालय के खिलाफ उन्होंने 125 रन बनाए, जबकि अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 175 रनों की पारी खेलकर अपने रनों का आंकड़ा 834 तक पहुंचा दिया।

इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 208.50 का रहा है। लगातार बड़ी पारियां खेलकर उन्होंने साबित कर दिया है कि घरेलू क्रिकेट में उनकी बल्लेबाजी का कोई जवाब नहीं है।

अगली पारी में शून्य पर आउट होने पर भी रिकॉर्ड कायम

चिन्मय सुतार की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि शुरुआती छह पारियों में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में भी उन्होंने अफगानिस्तान के बशीर शाह के 831 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। ऐसे में अगली पारी में बिना कोई रन बनाए आउट होने के बावजूद यह रिकॉर्ड उनके नाम बना रहेगा।

टीम इंडिया में जगह बनाने की जगी उम्मीद

29 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में इस तरह का धमाकेदार आगाज करने वाले चिन्मय सुतार ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है। हालांकि, भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाना आसान नहीं है, लेकिन लगातार बड़ी पारियां खेलकर उन्होंने राष्ट्रीय टीम में अपनी दावेदारी मजबूत करने के संकेत जरूर दिए हैं। अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजर उनके आगामी प्रदर्शन पर टिकी है।

Related Articles

Back to top button