CG NEWS : वृद्ध किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में तैरती मिली लाश…

रायगढ़,14 सितंबर । वृद्ध किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में तैरती लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अस्पताल भेजते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ग्रामीण तीन दिनों से लापता था लिहाजा उसकी मौत पानी में डूबने से हुई है अथवा अन्य कारण है, इस बात का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो पायेगा।
उक्त मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रविवार की शाम को चक्रधरनगर थानांतर्गत ग्राम लोईंग के भोजपल्ली नाला में एक 60 वर्षीय वृद्ध की पानी में तैरती लाश मिलने से आस पास हडक़ंप मच गई। गामीणों द्वारा इसकी सूचना चक्रधरनगर थाने में दिये जाने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को बाहर निकाला वहीं उसकी शिनाख्ती के लिए आस पास पुछताछ की।
इस दौरान भोजपल्ली निवासी गोविंद किसान ने मृतक की पहचान अपने पिता भरत किसान के रूप में करते हुए बताया कि वे तीन दिनों से लापता है ऐसे में उनकी पतासाजी की की जा रही थी। वहीं भरत किसान की मौत नाले में डुबने से हुई है अथवा अन्य कारण है इसका खुलासा पीएम रिपोर्ट आने व पुलिस जांच के बाद ही हो पायेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।




