Chhattisgarh

CG NEWS : 500 CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने सुलझाई एक करोड़ की उठाईगिरी की गुत्थी, 46 लाख का सोना-चांदी बरामद; आरोपी अब भी फरार

सरगुजा ( अंबिकापुर)। सीतापुर में ज्वेलर्स व्यवसायी से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों से भरे बैग की उठाईगिरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद संदिग्धों की पहचान की। मामले में पुलिस ने करीब 46 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जबकि आरोपी अभी भी फरार हैं। जानकारी के मुताबिक, 26 जुलाई को ज्वेलर्स व्यवसायी अरुणदेव सोनी की स्कूटी से अज्ञात आरोपी करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध पुलिस के रडार पर आए। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने ओडिशा के चांटी दास और नागेश्वर राव की पहचान की।पुलिस टीम ने ओडिशा में करीब 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान चांटी दास के घर से 300.92 ग्राम सोने के आभूषण और 1 किलो 168 ग्राम चांदी बरामद की गई। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 46 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य आरोपियों और उनके साथियों की तलाश जारी है। पुलिस टीम घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button