Chhattisgarh

CG NEWS: रामलीला मंचन के दौरान बड़ा हादसा, हनुमान बने कलाकारों की वेशभूषा में लगी आग, तीन लोग झुलसे, दो की हालत गंभीर…देखें video

धमतरी, 21 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दशहरा उत्सव के दौरान रामलीला मंचन में बड़ा हादसा हो गया। नगरी ब्लॉक के ग्राम छिपली में हनुमान का किरदार निभा रहे कलाकारों की वेशभूषा में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इसकी चपेट में आने से तीन लोग झुलस गए। हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए धमतरी रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम छिपली में 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व के अवसर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जा रहा था। कार्यक्रम देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। रामलीला के दौरान हनुमान के किरदार को प्रभावशाली बनाने के लिए आग का प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक आग कलाकारों के नकली बाल और वेशभूषा तक पहुंच गई, जिससे तीन लोग इसकी चपेट में आकर झुलस गए।

बताया जा रहा है कि मंचन के दौरान दर्शकों को आकर्षित करने के लिए मिट्टी तेल और आग निकालने वाले चाइना लाइटर का इस्तेमाल किया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान निकली आग कलाकारों की वेशभूषा तक पहुंच गई। आग लगते ही कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया। मौजूद लोगों ने आग बुझाने और घायलों को बचाने का प्रयास किया।

इस हादसे में हेमंत ध्रुव और सोम नामक युवक गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को बेहतर इलाज के लिए धमतरी के अस्पताल में रेफर किया गया है। वहीं, तीसरे घायल तोषण साहू की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उसका उपचार घर पर ही चल रहा है।

रामलीला मंचन के दौरान हुए इस हादसे के पीछे चाइना लाइटर और मिट्टी तेल के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना ने धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेष रूप से मंच पर आग और ज्वलनशील पदार्थों के इस्तेमाल के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।

Related Articles

Back to top button