Entertainment

“एक कहानी खत्म हुई है, लेकिन सरप्राइज़ अभी बाकी हैं”: ‘क्योंकि’ के फिनाले के बाद एकता कपूर ने दिया अपने नए शो का संकेत

मुंबई, 21 अक्टूबर, 2026 : एकता कपूर के किरदार पीढ़ियों से दर्शकों के परिवार का हिस्सा रहे हैं और उनकी कहानियों के ट्विस्ट पूरे घर को एक साथ टीवी के सामने बैठने की वजह देते आए हैं। अब ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के समापन के बाद टेलीविज़न की क्वीन स्टार प्लस पर एक नई कहानी लेकर आने की तैयारी में हैं। इस बार वे गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की नई जोड़ी को पर्दे पर साथ ला रही हैं। हाल ही में जारी किए गए टीज़र में दोनों बालाजी टेलीफिल्म्स के ऑफिस पहुँचते नज़र आते हैं। पैपराज़ी के सवालों पर दोनों मुस्कुराते तो हैं, लेकिन अपने नए प्रोजेक्ट का राज़ नहीं खोलते। वहीं, एकता ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाते हुए स्पष्ट कह दिया है, “सरप्राइज़ अभी बाकी हैं!”


अपने नए शो के बारे में एकता कपूर कहती हैं, “एक कहानी खत्म हुई है, लेकिन सरप्राइज़ अभी बाकी हैं! ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के शानदार फिनाले के बाद हर कोई मुझसे पूछ रहा था, ‘एकता, अब आगे क्या?’ अब मैं दर्शकों को ज़्यादा इंतज़ार कैसे करवाती। मुझे पता था कि अगली कहानी कुछ खास होनी चाहिए। ऐसी कहानी, जो लोगों का ध्यान खींचे, उनके दिल को छुए और उन्हें एक बार फिर अपने किरदारों से प्यार करने पर मजबूर कर दे। और इसकी शुरुआत गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या को साथ लाने से बेहतर भला कैसे हो सकती थी। दोनों को दर्शकों का बहुत प्यार मिला है और मैं काफी समय से उन्हें एक साथ पर्दे पर देखना चाहती थी। अब जब यह आखिरकार होने जा रहा है, तो मैं बहुत उत्साहित हूँ, थोड़ी घबराहट भी है। अभी से सोच रही हूँ कि दोनों को साथ देखकर दर्शकों की क्या प्रतिक्रिया होगी।”


उन्होंने कहा, “टेलीविज़न मेरे लिए हमेशा घर जैसा रहेगा। ऐसे किरदार रचने का एहसास ही अलग है, जो लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बन जाते हैं। दर्शकों के साथ यही रिश्ता हर नई कहानी को लेकर मेरा उत्साह बनाए रखता है।”


उन्होंने कहा, “सालों से दर्शकों ने मेरे शोज़ को जो प्यार दिया है, वह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। हर नई कहानी के साथ मेरी यही कोशिश रहती है कि उन्हें फिर कुछ ऐसा दूँ, जिससे वे उतनी ही गहराई से जुड़ सकें। ‘क्योंकि’ ने दर्शकों को एक यादगार विदाई दी। अब वक्त है एक ऐसी नई शुरुआत का, जिससे उन्हें फिर प्यार हो जाए।”

Related Articles

Back to top button