CG CRIME : बुजुर्ग पर चाकू से जानलेवा हमला, गाली-गलौज से मना करने पर पेट में किए 6-7 वार; आरोपी गिरफ्तार

धमतरी, 12 नवंबर 2026। जिले के ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई कार्यक्रम के दौरान गाली-गलौज करने से मना करने पर एक बुजुर्ग पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने साइकिल के धारदार स्पोक से बुजुर्ग के पेट पर लगातार 6-7 वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में करेलीबड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई का आयोजन किया गया था। रात करीब 8:30 बजे गांव का रहने वाला नारायण साहू (38 वर्ष) अपने पिता भागीरथी साहू के साथ बस स्टैंड स्थित चाय ठेले पर मौजूद था। इसी दौरान गांव का ही ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू वहां पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करने लगा।
आसपास महिलाओं की आवाजाही को देखते हुए भागीरथी साहू ने आरोपी को गाली-गलौज करने से मना किया। इस बात से नाराज होकर आरोपी ने अपनी जेब में रखे साइकिल के स्पोक के धारदार टुकड़े से भागीरथी साहू के पेट पर जान से मारने की नीयत से लगातार 6-7 वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल भागीरथी को तत्काल संजीवनी अस्पताल, नयापारा में भर्ती कराया गया।
घटना की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 236/2026 के तहत धारा 296, 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल साइकिल के स्पोक का धारदार टुकड़ा ग्राम करेलीबड़ी के नंगरा नाला पुल के नीचे पाइप से बरामद कर जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू (27 वर्ष), पिता नरसिंग साहू, निवासी ग्राम भेण्डरी, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में चौकी करेलीबड़ी प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा विवाद एवं हिंसक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।





