CG Cinema News:जल-जंगल-जमीन के संघर्ष को पर्दे पर उतारेगी छत्तीसगढ़ी वेब फिल्म “दण्डकारण्य”, दमदार टीजर रिलीज

रायपुर। CG Cinema News,
छत्तीसगढ़ की माटी, आदिवासी संस्कृति और जल-जंगल-जमीन के संघर्ष की कहानी को केंद्र में रखकर बनाई गई बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ी वेब फिल्म “दण्डकारण्य” का दमदार टीजर रिलीज हो गया है। टीजर रिलीज होते ही दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
फिल्म का टीजर आदिवासी समाज के संघर्ष, भावनाओं और उनके अधिकारों की लड़ाई को बेहद संवेदनशील और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करता नजर आ रहा है। टीजर में दिखाए गए दृश्य, संवाद और बैकग्राउंड म्यूजिक दर्शकों को भावुक करने के साथ-साथ सोचने पर मजबूर कर देते हैं।
फिल्म में बस्तर की खूबसूरत वादियों, वहां की संस्कृति और आदिवासी समाज की पीड़ा को वास्तविक रूप में दिखाने का प्रयास किया गया है। यही वजह है कि टीजर को सोशल मीडिया पर भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
वेब फिल्म के निर्माता संजीव कुमार साहू हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी अमित दड़सेना ने संभाली है। फिल्म की कहानी और स्क्रिप्ट लेखन वंदना साहू द्वारा किया गया है।
फिल्म में बिंदास बहुरानी, कुंदन साहू, राकेश यादव, कोमल दास साहू और जागेश्वर साहू समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं बाल कलाकार कान्हा साहू भी अपनी विशेष भूमिका से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करेंगे।
फिल्म की शूटिंग छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र की विभिन्न खूबसूरत लोकेशनों पर की गई है। संगीत पक्ष को भी खास महत्व दिया गया है। फिल्म में सूरज महानंद और ए. रोशन का संगीत कहानी की संवेदनाओं को और प्रभावी बनाता है।
फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन पी.के. स्टूडियो, डोंगरगांव में किया गया है। टीजर रिलीज के बाद अब दर्शकों को 17 मई का इंतजार है, जब “दण्डकारण्य” का फुल वीडियो रिलीज किया जाएगा।
यह वेब फिल्म सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि आदिवासी समाज की आवाज, उनके संघर्ष और अधिकारों की लड़ाई को दुनिया तक पहुंचाने का एक सशक्त प्रयास मानी जा रही है।




