CG BREAKING: महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा: हत्या के बाद शव के किए टुकड़े, नदी में फेंका; आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा,17 जुलाई 2026। जिले के चंदनू थाना क्षेत्र में महिला की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए गांव के ही आरोपी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली (42) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पुरानी निजी रंजिश के चलते महिला की हत्या की। पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने शव के हाथ-पैर काटकर दो अलग-अलग गठरियों में बांधा और उन्हें शिवनाथ नदी में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई से लापता दुकलिहीन बाई बंजारे (50) का क्षत-विक्षत शव 9 जुलाई को ग्राम तुमा के पास अमरैया नाला और शिवनाथ नदी के किनारे बरामद हुआ था। शव के दोनों हाथ और पैर अलग-अलग काटे गए थे, जिसके बाद चंदनू थाना में हत्या का मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई।
जांच के दौरान डॉग स्क्वाड, फोरेंसिक विशेषज्ञों, ड्रोन, नाव तथा सर्च लाइट की सहायता से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी ली गई। तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने संदेही रामप्रसाद सोनवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 6 जुलाई की रात वह महिला के घर पहुंचा था। विरोध होने पर उसने फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्या के बाद शव के साथ दुष्कर्म भी किया। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरी से शव के हाथ-पैर काटकर दो गठरियों में बांध दिए और अगले दिन रात के समय उन्हें शिवनाथ नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने महिला के घर से 2,500 रुपये भी चोरी किए थे, जिनमें से 500 रुपये बरामद कर लिए गए हैं। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, आरी तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वर्ष 2017 में गांव की ही एक अन्य महिला की हत्या के मामले में दोषसिद्ध रह चुका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।




