Chhattisgarh

CG में दर्दनाक घटना: पत्नी की मौत के एक महीने बाद पति का शव फांसी पर लटका मिला, अनाथ हुए दो मासूम बच्चे

सूरजपुर, 11 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। चांदनी थाना क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर में 32 वर्षीय युवक का शव 33 केवी हाईटेंशन बिजली टावर पर फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान संजय जायसवाल के रूप में हुई है। युवक का शव उसके घर से महज 20 मीटर की दूरी पर स्थित बिजली टावर पर मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।

इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि करीब एक महीने पहले ही संजय जायसवाल की पत्नी की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार, उनकी पत्नी अस्पताल से घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे में उनकी जान चली गई थी। पत्नी की मौत के बाद परिवार अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब संजय की मौत ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

संजय और उनकी पत्नी की मौत के बाद उनके दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है। एक महीने के भीतर परिवार में हुई इन दो दुखद घटनाओं से गांव में शोक का माहौल है। बच्चों के भविष्य को लेकर भी अब कई सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

फिलहाल संजय जायसवाल की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। यह स्पष्ट नहीं है कि पत्नी की मौत के सदमे में उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। सूचना मिलने पर चांदनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Related Articles

Back to top button