Bilaspur News: कोटा पुलिस की अवैध महुआ शराब पर बड़ी कार्रवाई, 133 लीटर कच्ची शराब जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर, 06 अक्टूबर। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘प्रहार’ के तहत कोटा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 133 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
बिलासपुर उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना कोटा प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिलीप कुमार साहू ने पुलिस टीम गठित कर अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया।
पहली कार्रवाई में पुलिस को मुखबिर से गनियारी के बांधा तालाब के पास अवैध महुआ शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर गनियारी निवासी विरेन्द्र वर्मा (34) को पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे और उसकी झोपड़ी से कुल 113 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22,600 रुपये है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत पहले भी चार मामले दर्ज हैं।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को बिल्लीबंद से नवागांव की ओर मोटरसाइकिल से महुआ शराब परिवहन किए जाने की सूचना मिली। नाका चौक के पास घेराबंदी कर पुलिस ने नवागांव निवासी बृजभूषण उर्फ मुकेश कुमार जगत (30) को पकड़ा। उसके कब्जे से बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 EF 3831 में परिवहन की जा रही 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 4,000 रुपये बताई गई है।
दोनों मामलों में कुल 133 लीटर अवैध महुआ शराब और शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस ने ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से डिजिटल साक्ष्य भी सुरक्षित किए हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, भुनेश्वर मरावी तथा आरक्षक सुनील पटेल, मोहन ध्रुव, महेंद्र रजवाड़े और धर्मेंद्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




