Chhattisgarh

बिलासपुर में बड़ा रेल हादसा टला : एक ही ट्रैक पर आ गईं तीन ट्रेनें, यात्रियों में मचा हड़कंप

बिलासपुर, 06 नवंबर। जिले में दो दिन पहले हुए भीषण रेल हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर गुरुवार को फिर बड़ी लापरवाही देखने को मिली। कोटमीसोनार और जयरामनगर स्टेशन के बीच एक ही ट्रैक पर कोरबा मेमू लोकल ट्रेन के आगे और पीछे दो मालगाड़ियां आ गईं। अचानक तीनों ट्रेनें एक ही रूट पर आने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कई यात्री सुरक्षा के डर से ट्रेन से नीचे उतर आए।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी और ट्रैक पर अन्य ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों का कहना है कि ऑटो सिग्नल प्रणाली में एक ही रूट पर एक से अधिक ट्रेनें चल सकती हैं, यह सामान्य और रूटीन प्रक्रिया है। लेकिन हाल ही में हुए बड़े हादसे की वजह से यात्री दहशत में आ गए और स्थिति को गंभीर मानते हुए ट्रेन से उतरने लगे।

दो दिन पहले हुए हादसे का खौफ अब भी बरकरार

4 नवंबर को बिलासपुर के लालखदान-गतौरा सेक्शन में गेवरा रोड मेमू लोकल ट्रेन (68733) ने सामने खड़ी मालगाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी थी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मेमू ट्रेन का मोटर कोच मालगाड़ी के एक वैगन के ऊपर चढ़ गया। इस हादसे में अब तक 11 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 लोग घायल हुए थे।

ताजा घटना में भले ही कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यात्रियों के मन में उस दुर्घटना की दहशत अब भी बनी हुई है। लगातार दो दिनों में ट्रैक पर ऐसे हालात दिखने से रेलवे की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button