Chhattisgarh

BAlCO कृष्ण-राधा की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने, तालियों से गूंज उठा विद्यालय परिसर

कोरबा,03 सितंबर2026। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर सेक्टर-3 स्थित मिनीमाता इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा नर्सरी के छात्र-छात्राओं के लिए ‘कृष्ण बनो-राधा बनो’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की आकर्षक वेशभूषा में सजकर मंच पर पहुंचे। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति और मासूम अंदाज ने सभी का मन मोह लिया।

कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों के सिर पर मोर मुकुट, हाथों में बांसुरी और राधा के रूप में सजी बच्चियों की आकर्षक वेशभूषा ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। जैसे ही बच्चे मंच पर पहुंचे, विद्यालय परिसर विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों की तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। नन्हे बच्चों में भी मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

प्रतियोगिता में कुमारी भूमि टंडन ने राधा रानी की वेशभूषा में हिस्सा लिया। उसकी आकर्षक वेशभूषा और प्रस्तुति को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन द्वारा उसे उत्कृष्ट स्थान प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय सतनामी युवा कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनीराम जांगड़े ने विद्यालय की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि मिनीमाता इंग्लिश मीडियम स्कूल में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही उन्हें अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर पालकों और शिक्षकों में भी उत्साह दिखाई दिया। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने विद्यालय के वातावरण को उत्सव और उल्लास से भर दिया।

Related Articles

Back to top button