Sports

Asia Cup 2026: एशिया कप में भारत का दबदबा, 10वीं बार फाइनल में एंट्री, बांग्लादेश को 40 रनों से रौंदा…

नई दिल्ली, 11 सितम्बर : India Women vs Bangladesh Women: महिला एशिया कप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए बांग्लादेश को चारों खाने चित कर दिया. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 40 रनों से बाजी मारी. इस एकतरफा जीत के साथ ही भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के इतिहास में लगातार 10वीं बार फाइनल में एंट्री की. इसी के साथ भारत ने इस टूर्नामेंट के हर एक एडिशन में फाइनल तक पहुंचने का रिकॉर्ड बरकरार रखा है.

शेफाली वर्मा ने खेली मैच विनिंग पारी
मुकाबले में टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के अर्धशतक के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 149 रनों का स्कोर खड़ा किया. मुश्किल और धीमी पिच पर जहां बाकी सभी भारतीय बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, वहीं शेफाली वर्मा ने बांग्लादेशी गेंदबाजी की जमकर खबर ली. शेफाली ने सिर्फ 40 गेंदों में 64 रन बनाए, जिसमें 7 करारे चौके और 3 छक्के शामिल थे रहे.

टॉप चार भारतीय बल्लेबाजों में बाकी तीनों का स्ट्राइक रेट 100 से भी कम रहा, वहीं शेफाली ने 160 की स्ट्राइक रेट से गेंदबाजों पर दबाव बनाया. इस दौरान शेफाली के 3 कैच भी छूटे. इसके अलावा, प्रतिका रावल ने 20 रन और विकेटकीपर ऋचा घोष ने 16 गेंदों पर 21 रनों का उपयोगी योगदान दिया. कप्तान हरमनप्रीत कौर भी 28 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाने में कामयाब रहीं. दूसरी ओर, बांग्लादेश के लिए सुल्ताना खातून ने 2 विकेट लिए, वहीं राबिया खान, नाहिदा अख्तर और मारूफा अख्तर को 1-1 सफलता मिली.

सस्ते में ढेर हुई बांग्लादेश की पारी
150 रन के टारगेट के जवाब में बांग्लादेश की शुरुआत काफी खराब रही. टीम ने पावरप्ले में सिर्फ 26 रन जोड़े और 1 विकेट गंवाया. इसके बाद वो मुकाबले में वापसी ही नहीं कर सके और पूरी टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 109 रन ही बना सकी. इस दौरान दीप्ति शर्मा भारत की सबसे सफल गेंदबाज रहीं, उन्होंने 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए. वहीं, नंदनी शर्मा ने 2 विकेट चटकाए. श्री चारनी और प्रेमा रावत को 1-1 सफलता मिली.

Related Articles

Back to top button