Madhya Pradesh

धार के महालक्ष्मी नगर में चोरों का आतंक, एक दर्जन मकानों के ताले टूटे, लाखों की चोरी की आशंका

धार 29 नवंबर । धार शहर के महालक्ष्मी नगर में चोरों ने सुबह-सुबह बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने कई सूने मकानों को निशाना बनाते हुए करीब एक दर्जन घरों के ताले तोड़ दिए। शुरुआती जानकारी के अनुसार लाखों रुपये की चोरी की आशंका है। घटना थाना कोतवाली क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

बताया जा रहा है कि कई मकान मालिक शहर से बाहर हैं, जिन्हें सूचना देकर मौके पर बुलाया जा रहा है। उनके पहुंचने के बाद ही चोरी गए सामान और वास्तविक नुकसान का पता चल सकेगा। एक साथ कई मकानों के ताले टूटने से क्षेत्र के रहवासियों में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। एएसपी विजय डाबर ने बताया कि लगभग चार से पांच बजे के बीच के आसपास का घटनाक्रम है। अभी सीसीटीवी फुटेज देखा जा रहा है। कुछ फुटेज हमें मिले हैं, जिसमें एक बाइक पर कुछ अज्ञात लोग महालक्ष्मी नगर में विभिन्न घरों के रेकी करते हुए दिख रहे। उसमें ताले तोड़े गए हैं।

एएसपी ने बताया कि लगभग सात से आठ घरों के ताले टूटे हैं, जिसमें लोग जो है या तो बाहर गए हुए थे, या किसी अन्य जगह गए हुए थे। अभी प्रथम दृष्टया सभी से संपर्क कर चोरी में क्या-क्या गया मशरूका गया है, उसकी पहचान कराई जा रही है। साथ ही सीसीटीवी के आधार पे भी आइडेंटिफी कर जल्द ही इसमें जो चोर दिखाई दे रहे हैं उसको गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button