Chhattisgarh

रायपुर में स्पोर्ट्स शोरूम में चोरी का खुलासा, 24 घंटे में पकड़े गए 3 अपचारी बालक, 2.52 लाख रुपये बरामद

रायपुर, 27 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में स्पोर्ट्स शोरूम में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। लोधीपारा चौक स्थित खेल एरिना स्पोर्ट्स शोरूम में चोरी के मामले में पुलिस ने तीन अपचारी बालकों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की गई रकम में से 2 लाख 52 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही दुकान से चोरी किया गया POI Power Switch भी जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, शोरूम संचालक ऐश्वर्य मार्या ने 24 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर ताला लगाया था। अगले दिन 25 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे जब दुकान खोली गई, तो शटर का ताला खुला मिला। दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा भी बदली हुई थी। जांच करने पर गल्ले से 2 लाख 56 हजार 163 रुपये नकद और एक POI Power Switch गायब मिला।

घटना के बाद पुलिस ने दुकान और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में रात करीब 2 बजे लाल रंग की हुडी पहने और चेहरा ढके एक संदिग्ध व्यक्ति को दुकान में प्रवेश करते देखा गया। संदिग्ध ने पहले सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदली और फिर नगदी व POI Power Switch लेकर फरार हो गया। बताया गया कि आरोपी POI Power Switch को सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर समझकर अपने साथ ले गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में TI निरीक्षक परेश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की गई।

जांच में पता चला कि घटना के बाद तीनों अपचारी बालक अलग-अलग स्थानों पर चले गए थे। पुलिस टीम ने धमतरी और नागपुर में तलाश कर तीनों को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की रकम में से 2,52,700 रुपये और POI Power Switch बरामद किया गया।

पुलिस ने तीनों अपचारी बालकों की पहचान गोपनीय रखते हुए किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button