Chhattisgarh

Dhamtari Crime : मगरलोड से चोरी बाइक रायपुर में बेचने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने भनपुरी चौक से किया गिरफ्तार

धमतरी, 26 नवंबर 2026। मगरलोड क्षेत्र के ग्राम भरदा स्थित देशी शराब दुकान के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल को धमतरी पुलिस ने रायपुर से बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेम दुबे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी चोरी की बाइक को रायपुर में बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था, तभी खमतराई पुलिस ने उसे भनपुरी चौक के पास पकड़ लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भरदा निवासी जालम सिंह साहू 10 नवंबर 2026 को अपनी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KE 1483 से देशी शराब दुकान गया था। उसने बाइक दुकान के मुख्य गेट के पास खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर उसने थाना मगरलोड में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान 24 नवंबर को रायपुर के थाना खमतराई पुलिस से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने के लिए भनपुरी चौक के पास ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर खमतराई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को बाइक सहित पकड़ लिया। इसके बाद मगरलोड पुलिस की टीम रायपुर पहुंची और आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ अपने कब्जे में लेकर मगरलोड लाई।

पूछताछ में आरोपी प्रेम दुबे ने बताया कि वह 10 नवंबर को बस से मगरलोड आया था। ग्राम भरदा स्थित देशी शराब दुकान के पास खड़ी मोटरसाइकिल में उसने अपनी जेब में रखी चाबी लगाई, जिससे बाइक चालू हो गई। इसके बाद वह मोटरसाइकिल लेकर रायपुर चला गया। पहचान छिपाने के लिए उसने बाइक का वाइजर और टंकी भी क्षतिग्रस्त कर दी थी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 25 नवंबर को आरोपी प्रेम दुबे (पिता स्व. रमेश दुबे), निवासी फाफाडीह चौक, फोकटपारा, थाना देवेंद्र नगर, जिला रायपुर को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट कुरुद के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करें और हमेशा हैंडल लॉक सहित अतिरिक्त सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button