National

खुशखबरी! अब ये लोग वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों में मुफ्त कर सकेंगे सफर, रेलवे ने बढ़ाया दायरा

नई दिल्ली, 26 नवंबर। देश के वीरता पुरस्कार विजेताओं के सम्मान में केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब चक्र सीरीज के वीरता पुरस्कार विजेता वंदे भारत समेत भारतीय रेलवे की सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। रेल मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय से परामर्श के बाद पहले से जारी मुफ्त रेल यात्रा सुविधा का दायरा बढ़ा दिया है। इस फैसले से पुरस्कार विजेताओं को अब ट्रेन विशेष की सीमाओं से राहत मिलेगी।

भारतीय सेना ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से इस फैसले की जानकारी साझा की। सेना के मुताबिक, वीरता और बलिदान का सम्मान करने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल की गई है। नई व्यवस्था के तहत पुरस्कार विजेताओं को सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। हालांकि, उनके मौजूदा यात्रा अधिकारों और सुविधाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इन छह वीरता पुरस्कारों के विजेता होंगे लाभान्वित

चक्र सीरीज के वीरता पुरस्कारों में परमवीर चक्र, अशोक चक्र, महावीर चक्र, कीर्ति चक्र, वीर चक्र और शौर्य चक्र शामिल हैं। इन पुरस्कारों के विजेताओं को रेलवे की ओर से कॉम्प्लिमेंट्री कार्ड पास जारी किए जाते हैं, जिनके माध्यम से उन्हें जीवनभर मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा मिलती है।

गौरतलब है कि आजादी के बाद 26 जनवरी 1950 को परमवीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र की स्थापना की गई थी। बाद में अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र की शुरुआत हुई।

पहले कुछ ट्रेनों तक सीमित थी सुविधा

रेलवे ने समय-समय पर वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए मुफ्त यात्रा सुविधा का विस्तार किया है। फरवरी 2014 में परमवीर चक्र और महावीर चक्र विजेताओं के पास को राजधानी, शताब्दी और दुरंतो जैसी ट्रेनों में प्रथम एसी और एग्जीक्यूटिव क्लास में यात्रा के लिए मान्य किया गया था। इसके बाद अगस्त 2017 में अशोक चक्र और कीर्ति चक्र विजेताओं को भी समान सुविधा देने का निर्णय लिया गया।

अब नई व्यवस्था के तहत मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों में लागू होगी। भारतीय सेना ने इस फैसले को देश के वीर जवानों के साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Related Articles

Back to top button