National

राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, CBI और ED की जांच कराने वाला हाई कोर्ट का आदेश रद्द, क्या है आय से अधिक संपत्ति का पूरा मामला

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से जुड़े कथित आय से अधिक संपत्ति के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें CBI और ED को राहुल गांधी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच और उनके वेरिफीकेशन के निर्देश दिए गए थे। इस फैसले से राहुल गांधी को फिलहाल राहत मिली है।

यह मामला कर्नाटक के एक बीजेपी कार्यकर्ता की शिकायत से शुरू हुआ था। शिकायत में दावा किया गया था कि राहुल गांधी के पास उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से ज्यादा संपत्ति है। शिकायतकर्ता ने इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसियों से कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद मामला इलाहाबाद हाई कोर्ट पहुंचा और वहां से CBI तथा ED को आरोपों की पड़ताल करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, राहुल गांधी ने हाई कोर्ट के आदेशों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।

मामला कैसे शुरू हुआ?

यह शिकायत कर्नाटक के बीजेपी कार्यकर्ता एस. विघ्नेश शिशिर ने दाखिल की थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि राहुल गांधी ने अपनी घोषित कमाई से ज्यादा संपत्ति है। शिकायतकर्ता ने उनकी संपत्ति, कारोबारी निवेश और विदेश यात्राओं से जुड़े खर्चों पर भी सवाल उठाए थे। हालांकि, इन आरोपों की अभी न्यायिक पुष्टि नहीं हुई है।

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने क्या कहा था?

12 मई 2026 को हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ ने CBI और ED को शिकायत में लगाए गए आरोपों का कानून के अनुसार वेरिफाई करने को कहा था।

अदालत ने दोनों एजेंसियों से इस मामले में हुई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी थी।

20 जुलाई को हाई कोर्ट ने CBI के जवाब को अधूरा मानते हुए वरिष्ठ अधिकारी से नया हलफनामा दाखिल करने को कहा था।

ED को भी जांच में कोई गड़बड़ी मिलने पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की छूट दी गई थी।

राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में दी थी चुनौती

राहुल गांधी ने हाई कोर्ट के आदेशों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उनकी ओर से सीनियर वकील कपिल सिब्बल ने दलील दी थी कि राहुल गांधी का पक्ष सुने बिना ऐसे निर्देश देना उचित नहीं है। उन्होंने शिकायतकर्ता की याचिका पर भी सवाल उठाए थे।

17 अगस्त को भी आया था अंतरिम आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने 17 अगस्त को हाई कोर्ट की आगे की सुनवाई पर रोक लगा दी थी। साथ ही CBI और ED को निर्देश दिया था कि वे हाई कोर्ट में अपनी रिपोर्ट दाखिल न करें। इस पीठ की अध्यक्षता मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने की थी। इसमें जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे।

Related Articles

Back to top button