Chhattisgarh

देव दीपावली पर हसदेव नदी तट पर गूंजा महाआरती का जयघोष, हजारों दीपों से जगमगाया सर्वमंगला घाट

कोरबा 25 नवंबर 2026 । कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर कोरबा में हसदेव नदी के तट पर आस्था, भक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंगलवार की शाम मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर नमामि हसदेव सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य हसदेव महाआरती का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और हजारों दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। इस दौरान हसदेव नदी का तट काशी के गंगा घाटों जैसा दिव्य और भव्य नजर आया।

समिति द्वारा 22 से 24 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय लक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं धार्मिक महोत्सव के अंतिम दिन महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रख्यात कथावाचिका एवं संत दीदी मां साध्वी प्रज्ञा भारती के सानिध्य में संपन्न हुआ। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से मां सर्वमंगला और हसदेव मैया की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि नमामि हसदेव सेवा समिति के माध्यम से नियमित रूप से हसदेव आरती का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को नदी की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। समिति के प्रयासों से लोगों में हसदेव नदी को बचाने का संदेश पहुंचाया जा रहा है।

देव दीपावली के अवसर पर सर्वमंगला घाट को आकर्षक विद्युत साज-सज्जा और फूलों से सजाया गया था। लेजर शो और आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहे। महाआरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं और युवाओं ने नदी तट पर दीपदान किया। आरती की थालियों से उठती ज्योति और भक्ति गीतों की स्वरलहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने हसदेव नदी को स्वच्छ एवं अविरल बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सदस्य, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में नगरवासी परिवार सहित शामिल हुए। महाआरती के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

Related Articles

Back to top button