Madhya Pradesh

भोपाल में 12वीं पास फर्जी IAS गिरफ्तार: 14 साल से PMO अफसर बन कर रहा था करोड़ों की ठगी, ममेरे भाई ने ही खोली पोल!

भोपाल 25 नवंबर 2026 । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में फर्जी IAS बनकर करोड़ो रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी रामानुज गुर्जर महज 12वीं पास है लेकिन पिछले 14 वर्षों से अलग-अलग नाम और पहचान बदलकर खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय में पदस्थ IAS अधिकारी बताकर लोगों से जालसाजी कर रहा था। जेल जाने के बावजूद उसने ठगी का सिलसिला जारी रखा।

जानकारी के अनुसार आरोपी रामानुज गुर्जर ने खुद को PMO में पदस्थ आईएएस अधिकारी बताकर वकीलों को नौकरी दिलाने और सरपंचों व बिल्डरों को टेंडर दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की। बताया जा रहा है कि 2012 में जयपुर में उसने एक वकील से 5 लाख रुपये ठगे थे, जबकि भोपाल के हबीबगंज थाने में 6 सरपंचों से 12 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज हुआ था, जिसके चलते वह लंबे समय तक जेल में भी रहा।

आरोप है कि जेल से बाहर आते ही उसने नाम बदलकर ठगी का खेल फिर शुरू कर दिया और हाल ही में आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर फरियादी से 7 लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में फरियादी से नकद और ऑनलाइन माध्यम से पैसे लेते हुए उसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे कथित तौर पर उसके ही ममेरे भाई ने बनाया था। गांधीनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और उसके खिलाफ 10 से अधिक थानों में करोड़ों रुपये की ठगी की शिकायतें दर्ज होने की बात सामने आई है।

Related Articles

Back to top button