खराब मौसम और हसदेव नदी में जलभराव के चलते पुन्नी मेला जनवरी तक स्थगित, मकर संक्रांति पर होगा आयोजन

कोरबा, 23 नवंबर 2026। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से हुई बारिश और हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण 24 नवंबर को पुरानी बस्ती स्थित हसदेव नदी घाट पर आयोजित होने वाला भव्य पुन्नी मेला स्थगित कर दिया गया है। अब यह मेला जनवरी 2027 में मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। पुन्नी मेला आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है।
इस संबंध में रविवार को पुरानी बस्ती में पुन्नी मेला आयोजन समिति की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से पिछले दो दिनों में हुई बारिश के कारण हसदेव नदी में बढ़े जलस्तर और नदी घाट की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। लगातार बारिश के चलते दर्री बराज का जलस्तर बढ़ने के बाद उसके गेट खोले गए, जिससे हसदेव नदी में पानी का बहाव और जलभराव बढ़ गया है।
दर्री बराज से पानी छोड़े जाने के कारण पुरानी बस्ती, दुरपा रोड और इंदिरा नगर क्षेत्र के हसदेव नदी तट पर पानी का भराव बढ़ गया है। वहीं, नदी घाट पर कीचड़ जमा होने से श्रद्धालुओं को स्नान, पूजा-अर्चना और मेले में आवागमन के दौरान परेशानी होने की आशंका है। ऐसी परिस्थितियों में बड़े आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसे देखते हुए समिति ने 24 नवंबर को प्रस्तावित आयोजन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
उल्लेखनीय है कि कोरबा में पहली बार सर्व समाज कोरबा के तत्वावधान में इतने व्यापक स्तर पर भव्य पुन्नी मेले का आयोजन किया जा रहा था। आयोजन को लेकर समिति द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही थीं। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नागरिकों के शामिल होने की संभावना थी। हालांकि, चक्रवाती तूफान और प्रतिकूल मौसम के कारण तैयारियों के बावजूद आयोजन की तिथि में बदलाव करना पड़ा।
आयोजन समिति के संयोजक एवं नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी सदस्यों की सहमति से मेला अब मकर संक्रांति के अवसर पर जनवरी माह में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर पार्षद टामेश अग्रवाल, पार्षद ईश्वर पटेल, एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला, पार्षद रवि सिंह चंदेल, पार्षद रूबी देवी सागर सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
समिति के सदस्यों ने बताया कि जनवरी में मकर संक्रांति के अवसर पर पुन्नी मेले का आयोजन पहले से अधिक भव्य और व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियां नए सिरे से की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और धार्मिक आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हो सके।




