Chhattisgarh

दंतेवाड़ा में तालाब में डूबने से 24 वर्षीय युवक की मौत, 20 घंटे बाद भी नहीं मिला शव, गोताखोरों का रेस्क्यू जारी

दंतेवाड़ा, 23 नवंबर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में तालाब में डूबने से एक 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक रविवार शाम अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के करीब 20 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का शव बरामद नहीं हो सका है। गोताखोरों की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला कुआकोंडा थाना क्षेत्र के महाराकरका गांव का है। बताया जा रहा है कि रविवार शाम युवक अपने दोस्तों के साथ गांव के तालाब में नहाने पहुंचा था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

20 घंटे बाद भी नहीं मिला शव

घटना की सूचना मिलते ही गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, करीब 20 घंटे की तलाश के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। फिलहाल गोताखोरों की टीम तालाब में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। युवक के परिजन और ग्रामीण उसके शव मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button