Uncategorized

छत्तीसगढ़ में नर्सिंग की रिक्त सीटों पर संयुक्त काउंसिलिंग, 20 नवंबर से आवेदन शुरू; 22 नवंबर तक मिलेगा मौका

रायपुर, 20 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे और तीसरे चरण (मॉप-अप राउंड) की संयुक्त काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 22 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।

संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की राज्य काउंसिलिंग समिति के अनुसार, ऑनलाइन पंजीयन 20 नवंबर को सुबह 11 बजे से शुरू हुआ है। इस संयुक्त काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।

इस चरण में नए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीयन का अवसर मिलेगा। वहीं, पहले से पंजीकृत पात्र अभ्यर्थी भी दोबारा संस्था और विषय का चयन कर सकेंगे। काउंसिलिंग समिति ने स्पष्ट किया है कि सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए विकल्पों को दोबारा भरकर लॉक करना अनिवार्य होगा। पहले चरण में प्रवेश प्राप्त कर चुके पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार सीट अपग्रेडेशन का विकल्प भी दिया जाएगा।

**बीएससी नर्सिंग में 10 पर्सेंटाइल तक वाले भी कर सकेंगे आवेदन**

काउंसिलिंग के तहत बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को भी पंजीयन और संस्था चयन की अनुमति दी गई है। यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगी।

संयुक्त काउंसिलिंग के दौरान शेष रिक्त सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में परिवर्तन छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के अनुसार किया जाएगा।

अभ्यर्थियों को सीट आवंटन, प्रवेश प्रक्रिया और काउंसिलिंग से जुड़ी नवीनतम जानकारी के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट **www.cgdme.in** नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button