रॉक गार्डन बोतल्दा की सुरक्षा व्यवस्था का एसडीओपी ने लिया जायजा, वनकर्मियों को दिए सख्त निर्देश

रायगढ़, 18 नवंबर 2026 । रॉक गार्डन बोतल्दा में पर्यटकों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में 18 नवंबर को एसडीओपी खरसिया सतीश कुमार भार्गव ने थाना खरसिया, चौकी खरसिया एवं पुलिस लाइन के बल के साथ रॉक गार्डन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूरे परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात वनकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में किए गए निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने स्पष्ट किया कि गार्डन में प्रवेश करने वाले प्रत्येक आगंतुक का नाम और पूरा विवरण प्रवेश रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा। शराब, नशीली सामग्री और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं लेकर आने वालों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही गार्डन के भीतर नियमित पेट्रोलिंग करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
एसडीओपी भार्गव ने वनकर्मियों को चेतावनी दी कि सुरक्षा ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी कभी भी औचक निरीक्षण कर सकते हैं। ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारी को पत्राचार किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान गार्डन के प्रवेश द्वार के बाहर संचालित दुकानों की भी जांच की गई। दुकानदारों को शराब और किसी भी प्रकार की नशीली सामग्री की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इस दौरान पुलिस बल ने गार्डन में आने-जाने वाले पर्यटकों और अन्य लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखी। पुलिस का कहना है कि रॉक गार्डन में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था लगातार जारी रहेगी।




