Chhattisgarh

ग्रेड पे और वेतनमान की मांग को लेकर नर्सिंग संवर्ग का प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू

कोरबा, 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग संवर्ग की लंबित मांगों को लेकर नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने बुधवार को कोरबा स्थित स्वर्गीय बिसाहूदास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय में प्रदर्शन किया। एसोसिएशन ने ग्रेड पे सहित वेतनमान में सुधार और अन्य लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की सूचना प्रबंधन को दी है। इस संबंध में एसोसिएशन की ओर से अधिष्ठाता को ज्ञापन भी सौंपा गया है।

एसोसिएशन का कहना है कि प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत नर्सिंग संवर्ग को केंद्रीय वेतनमान के अनुरूप लाभ नहीं मिल रहा है, जबकि चिकित्सक संवर्ग एवं अन्य पैरामेडिकल कर्मचारियों को केंद्रीय वेतन आयोग के अनुरूप वेतनमान का लाभ दिया जा रहा है। वर्ष 2012 में चिकित्सा शिक्षा विभाग में भर्ती नियम लागू होने के बाद से नर्सिंग संवर्ग को केंद्रीय वेतनमान से वंचित रखा गया है। इस विसंगति को दूर करने के लिए नर्सिंग कर्मचारी पिछले करीब 14 वर्षों से लगातार संघर्ष कर रहे हैं।

एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष शांति कंवर ने कहा कि नर्सिंग संवर्ग अपनी जायज मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहा है। वर्ष 2018 में भी 16 दिनों तक आंदोलन किया गया था। इसके बाद सितंबर 2018 में गठित समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंपी, लेकिन उसकी अनुशंसाओं को लागू नहीं किया गया। वर्ष 2021 और 2023 में भी आंदोलन किए गए, लेकिन अब तक ग्रेड पे और वेतनमान में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान नर्सिंग कर्मचारियों ने पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं। कई कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की देखभाल की, इसके बावजूद उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। अब कर्मचारियों के पास आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

एसोसिएशन ने शासन से ग्रेड पे एवं केंद्रीय वेतनमान के अनुरूप वेतन वृद्धि सहित लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है।

Related Articles

Back to top button