Chhattisgarh

KORBA:गेवरा क्षेत्र में सतर्कता जागरूकता तिमाही अभियान का समापन, विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत

विष्णु द्विवेदी, कोरबा, 16 नवंबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के गेवरा क्षेत्र में 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित सतर्कता जागरूकता तिमाही अभियान का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक धीरज चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अभियान के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों की सहभागिता से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं।

तिमाही अभियान के अंतर्गत शपथ ग्रहण, प्रशिक्षण कार्यक्रम, जागरूकता रैली, पदयात्रा, ग्रामसभा, कस्टमर मीट एवं शिकायत निवारण शिविर सहित अनेक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक किया गया, जिसमें पदयात्रा, विभिन्न प्रतियोगिताएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ईमानदारी एवं पारदर्शिता का संदेश दिया गया। इस दौरान एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन, निदेशक मानव संसाधन, मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) एवं अन्य निदेशकगण की उपस्थिति भी रही। कर्मचारियों के बीच क्रिकेट मैच और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में गेवरा क्षेत्र की अमला अधिकारी (मानव संसाधन) सुधा बी. शेंडे ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने तिमाही के दौरान आयोजित गतिविधियों की जानकारी देते हुए सभी विभागों, उपविभागों, कर्मचारियों और स्कूली विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि महाप्रबंधक धीरज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती और विश्वसनीयता ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही पर आधारित होती है। सतर्कता केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति की कार्यशैली और जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपने कार्यों में नैतिक मूल्यों और पारदर्शिता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। बीकन इंग्लिश स्कूल में आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में वसुंधरा पटेल ने प्रथम, मेरुन बाबू चौहान ने द्वितीय और ऋषि कुमार सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में आलिया विंध्यराज प्रथम, एशिका अग्रवाल द्वितीय और प्रज्ञा सिंह तृतीय स्थान पर रहीं।

इसी प्रकार डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में अदिति पटेल प्रथम, सांवी द्वितीय और तनु तृतीय स्थान पर रहीं। तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में तन्वी राठौर ने प्रथम, जीविका राव ने द्वितीय और आकांक्षा ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति में योगदान देने वाले इंडस पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।

अभियान के दौरान विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को ईमानदारी, नैतिकता, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button