महासमुंद जिला जेल से चार कैदी फरार, दीवार फांदकर भागे; तीन NDPS और एक चोरी के आरोपी, कंबल से बनाई रस्सी

महासमुंद, 16 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चार कैदी जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए। घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। फरार कैदियों में तीन नशे के कारोबार से जुड़े NDPS एक्ट के आरोपी हैं, जबकि एक चोरी के मामले में जेल में बंद था। घटना की पुष्टि एडिशनल एसपी ने की है। कैदियों के फरार होने की खबर से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, फरार कैदियों की पहचान धरमवीर, लीलाधर, राजेन्द्र और पंचराम के रूप में हुई है। इनमें धरमवीर, लीलाधर और राजेन्द्र NDPS एक्ट के तहत आरोपी हैं, जबकि पंचराम चोरी के मामले में जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि चारों कैदियों ने जेल से भागने के लिए पहले से योजना बनाई थी। उन्होंने जेल में मिलने वाले कंबलों का इस्तेमाल कर रस्सी बनाई और उसकी मदद से ऊंची दीवार फांदकर बाहर निकलने में कामयाब हो गए।

पांच कैदियों ने बनाई थी फरार होने की योजना
बताया जा रहा है कि जेल से फरार होने की कोशिश में कुल पांच कैदी शामिल थे। इनमें से चार कैदी दीवार फांदकर भागने में सफल रहे, जबकि पांचवां कैदी दीवार पार करने के दौरान नीचे गिर गया। इसके बाद जेल प्रबंधन ने उसे पकड़ लिया। घटना सामने आने के बाद पुलिस फरार कैदियों की तलाश में जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों में भी उनकी तलाश की जा रही है।
2021 में भी जेल से फरार हुए थे पांच कैदी
महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले मई 2021 में भी पांच कैदी दिनदहाड़े जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे। फरार कैदियों में एक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला था, जबकि चार अन्य महासमुंद जिले के निवासी थे। उस घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चार प्रहरियों को निलंबित किया था। इनमें मुख्य प्रहरी भी शामिल था।
एक बार फिर जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस फरार चारों कैदियों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।




