बलौदाबाजार में डंडे से पीट-पीटकर महिला की हत्या, आरोपी घनसाय विश्वकर्मा गिरफ्तार; आपसी विवाद में हुई वारदात

बलौदाबाजार, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में आपसी विवाद के चलते एक महिला की डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। ग्राम रवान में हुई इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान घनसाय विश्वकर्मा (59 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी घनसाय विश्वकर्मा और मृतिका रेवती जायसवाल पिछले करीब सात वर्षों से ग्राम रवान में पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। दोनों के बीच आए दिन विवाद और लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। 11 नवंबर की रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद 12 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे जानकारी मिली कि घनसाय ने रेवती जायसवाल की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां महिला कमरे में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी मिली। प्रार्थी नारायण यादव की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली बलौदाबाजार पुलिस ने अपराध क्रमांक 945/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ शव पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त डंडा, खून से सना गिलास और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जब्त किए।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी घनसाय विश्वकर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद घटना के समय पहने गए खून के धब्बे वाले कपड़े भी जब्त किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 12 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
SP गौरव राय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने इस हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई की।
आरोपी का नाम: घनसाय विश्वकर्मा, पिता खोजू राम विश्वकर्मा, उम्र 59 वर्ष, निवासी ग्राम रवान, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदाबाजार।





