Chhattisgarh

राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से मचा हड़कंप, यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस 45 मिनट तक रोकी गई

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) अलर्ट हो गए। एहतियात के तौर पर ट्रेन को रोककर स्टेशन परिसर और कोचों की सघन जांच शुरू की गई। मौके पर पुलिस बल के साथ डॉग स्क्वॉड भी तैनात किया गया।

जानकारी के अनुसार, यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी थी। इसी दौरान ट्रेन में बम होने की सूचना सामने आई। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के बाद ट्रेन करीब 45 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और RPF की टीमों ने ट्रेन के सभी डिब्बों और रेलवे स्टेशन परिसर की बारीकी से तलाशी ली। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि, उसकी भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। बम की सूचना अफवाह थी या इसके पीछे कोई वास्तविक साजिश थी, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा।

Related Articles

Back to top button